हल्द्वानी– व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति बंद होने का असर हल्द्वानी के स्ट्रीट फूड कारोबार पर साफ दिखाई देने लगा है। गैस सिलिंडर न मिलने के कारण शहर में 500 से अधिक ठेले बंद हो गए हैं, जिससे सड़क किनारे मिलने वाले लोकप्रिय व्यंजनों का स्वाद भी फीका पड़ गया है। बताया जा रहा है कि ईरान, इस्राइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के चलते सरकार ने व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति पर अस्थायी रोक लगा दी है। इसका सीधा असर स्ट्रीट फूड कारोबारियों पर पड़ा है। शहर के विभिन्न इलाकों में राजमा-चावल, कड़ी-चावल, छोले-भटूरे और छोले-कुलचे बेचने वाले कई ठेले बंद दिखाई दिए। नगर निगम के अनुसार शहर में 1873 स्ट्रीट वेंडर्स पंजीकृत हैं, जबकि वास्तविक संख्या करीब चार हजार से अधिक बताई जाती है। इनमें से लगभग 1200 वेंडर्स स्ट्रीट फूड का कारोबार करते हैं। मंगलवार से व्यावसायिक गैस सिलिंडर की आपूर्ति बंद होने के कारण इन कारोबारियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्ट्रीट फूड विक्रेता हरीश बिष्ट और मोहन चंद्र भट्ट ने बताया कि गैस सिलिंडर न मिलने के कारण बुधवार को पांच सौ से अधिक ठेले वालों को अपना कारोबार बंद करना पड़ा।
फूड कोर्ट और चौपाटी में भी सन्नाटा
नगर निगम की पहल पर शहर के कई स्थानों पर निजी भूमि पर चौपाटी और फूड कोर्ट बनाए गए थे, जहां पहले काफी चहल-पहल रहती थी। लेकिन व्यावसायिक गैस सिलिंडर की आपूर्ति बंद होने के बाद बुधवार शाम हल्द्वानी से काठगोदाम तक कई चौपाटियों और फूड कोर्ट में अधिकतर ठेले बंद नजर आए। नगर निगम ने स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को निर्देश दिया है कि वे घर से खाना बनाकर लाकर बेचें और ठेलों पर खाना बनाने से परहेज करें। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति फिर से शुरू होगी, कारोबार सामान्य हो जाएगा।



Skip to content











