काशीपुर का युवक ईरान में फंसा, परिजनों ने लगाई सुरक्षित वापसी की गुहार……..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

काशीपुर- ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच काशीपुर का एक युवक ईरान में फंस गया है। युवक के ईरान में होने की खबर से उसके परिजन चिंतित हैं और उसे सकुशल भारत वापस लाने की गुहार प्रशासन से लगा रहे हैं। बाजपुर रोड स्थित श्यामपुरम कॉलोनी निवासी विनोद कुमार सैनी ने बताया कि उनका बड़ा बेटा अर्पित सैनी (23) दुबई में मर्चेंट नेवी में सेकेंड अफसर के पद पर कार्यरत है। करीब साढ़े आठ महीने पहले उसकी नौकरी दुबई में लगी थी और वह वहीं से जहाज के साथ अलग-अलग देशों की यात्रा करता रहता है। परिजनों के अनुसार अर्पित करीब एक सप्ताह पहले दुबई से जहाज के साथ ईरान गया था। इसी दौरान ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ गया, जिसके चलते वह वहीं फंस गया। पिता विनोद कुमार सैनी और मां नीलन सैनी ने बताया कि तीन मार्च को बेटे से आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी।

परिजनों ने बताया कि शुक्रवार सुबह बेटे से दोबारा संपर्क हुआ। अर्पित ने बताया कि वह फिलहाल ईरान में सुरक्षित स्थान पर है और परिवार को चिंता न करने को कहा है। उसने भरोसा दिलाया कि स्थिति सामान्य होते ही वह वापस लौट आएगा। बेटे की सुरक्षित वापसी को लेकर चिंतित परिजनों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और काशीपुर के मेयर दीपक बाली को पत्र भेजकर मदद की अपील की है। पिता विनोद कुमार सैनी का कहना है कि उनकी आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है, इसलिए सरकार से सहयोग की उम्मीद है। वहीं तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया कि परिजनों की ओर से दिया गया प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है। मामले से संबंधित सूचना उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!