उधम सिंह नगर- उधम सिंह नगर में आयोजित सरस आजीविका मेला (यूएस नगर कार्निवाल) के पांचवें दिन जनजातीय सांस्कृतिक संध्या ने मेले में पहुंचे हजारों लोगों को मनोरंजन और उत्साह से भर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत हिमनाद बैंड की शानदार प्रस्तुति से हुई, जिसकी धुनों पर दर्शक देर तक थिरकते रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने ग्रामोत्थान रीप परियोजना के अंतर्गत 51 पशु सखियों को मोबाइल फोन वितरित किए। इसके साथ ही विकासखंड रुद्रपुर के प्रतिभा सीएलएफ बंडिया, रुद्रा सीएलएफ नारायणपुर, आजाद सीएलएफ बरा और नारी शक्ति सीएलएफ बिगवाड़ा को 6-6 लाख रुपये के अनुदान चेक प्रदान किए गए।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है, जो सुशासन और रोजगार सृजन की दिशा में बड़ा कदम है।

उन्होंने यह भी बताया कि 14 फरवरी से शुरू हुए मेले में केवल पांच दिनों के भीतर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा 5 करोड़ रुपये से अधिक के उत्पादों की बिक्री हो चुकी है। यह उपलब्धि महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का प्रमाण है। मंत्री ने मेले में लगे स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध लोक कलाकार राकेश खनवाल रहे, जिनके लोकप्रिय गीतों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया और दर्शक देर रात तक झूमते रहे।
सरस आजीविका मेला ग्रामीण उत्पादों के प्रचार-प्रसार, स्वरोज़गार और सांस्कृतिक एकता का बड़ा मंच बनकर उभर रहा है। पांचवें दिन की सांस्कृतिक संध्या ने आयोजन को यादगार बना दिया। इस अवसर पर मेयर विकास शर्मा, एसटी आयोग अध्यक्ष लीलावती राणा, विवेक सक्सेना, अमित नारंग, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, पीडी हिमांशु जोशी, उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत, तहसीलदार दिनेश कुटौला, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नंदनी तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।












