आँचल दुग्ध संघ लालकुआँ में किसान आयोग उपाध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह का भ्रमण, दुग्ध उत्पादकों की समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा…..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

लालकुआँ (नैनीताल) — नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड में उत्तराखंड राज्य किसान आयोग के उपाध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह ने आज दुग्धशाला का विस्तृत भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग एवं स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया और संघ की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।

किसान आयोग उपाध्यक्ष ने आधुनिक मशीनरी के माध्यम से दूध, पनीर, घी सहित अन्य दुग्ध उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखा। इस अवसर पर प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने दुग्धशाला की प्रयोगशाला (लैब) में दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांच प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने फैट, एसएनएफ (SNF) एवं शुद्धता की जांच से जुड़ी तकनीकी विधियों के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया।

आँचल दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने संघ की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि दुग्ध संघ द्वारा प्रतिदिन बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादकों से दूध का संग्रह किया जा रहा है। उन्होंने गुणवत्ता नियंत्रण, स्वच्छता मानकों के अनुपालन, आधुनिक तकनीक के उपयोग तथा दुग्ध उत्पादकों को समय पर भुगतान की व्यवस्था के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर किसान आयोग उपाध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह ने दुग्ध उत्पादकों की समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा करते हुए कहा कि किसानों को दुग्ध उत्पादन की बढ़ती लागत, पशु आहार की महंगाई, पशु स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा समय पर भुगतान जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि किसान आयोग किसानों की इन समस्याओं को गंभीरता से ले रहा है और इनके स्थायी समाधान के लिए सरकार स्तर पर ठोस पहल की जा रही है।

चौधरी अजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि दुग्ध उत्पादकों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य दिलाना, तकनीकी सहायता उपलब्ध कराना तथा सहकारी संस्थाओं को और अधिक मजबूत करना किसान आयोग की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसानों के हितों से जुड़े सभी मुद्दों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

भ्रमण के दौरान मुख्य कृषि अधिकारी रितु टम्टा, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी गीतांजलि, सहायक कृषि अधिकारी अफरोज अहमद, अमृत लाल श्रीवास्तव उपस्थित रहे। वहीं दुग्ध संघ की ओर से पी.एंड.आई. सुभाष बाबू, प्रभारी उत्पादन उमेश राणा, प्रभारी इंजीनियर, स्टोर प्रभारी खलील अहमद, राजू दुम्का, लैब प्रभारी रमेश कुमार, इंजीनियर दिनेश कुलोरा, डॉ. रमेश मेहता, एम.आई.एस. कमलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

यह भ्रमण दुग्ध उत्पादकों के हितों को सशक्त करने और सहकारी दुग्ध व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!