हल्द्वानी- शहर में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब गौला पुल (काठगोदाम बाईपास) पर एक युवती ने अचानक पुल से नीचे छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से युवती को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 22 वर्षीय युवती स्कूटी से गौला पुल पर पहुंची थी। पुल के बीच में स्कूटी रोकने के बाद उसने अचानक नीचे छलांग लगा दी। घटना के समय गौला नदी में पानी नहीं होने के कारण युवती सीधे पत्थरों पर गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से युवती को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवती के शरीर में कई जगह गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने युवती की स्कूटी को कब्जे में ले लिया है और उसकी पहचान के साथ-साथ घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्मघाती कदम उठाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और कुछ देर के लिए पुल पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों से बचें और जांच में सहयोग करें












