हल्द्वानी – हल्द्वानी शहर में सीवर एवं पेयजल कार्यों के तहत खोदी गई सड़कों को समय पर दुरुस्त न किए जाने पर आयुक्त दीपक रावत ने कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को उन्होंने उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (UUSDA) और एडीबी परियोजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा में सड़कें बहाल नहीं की गईं तो संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने एडीबी परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देश दिए कि जिन मार्गों पर खुदाई की गई है, उन्हें तत्काल प्रभाव से रिस्टोर किया जाए। कई स्थानों पर सूचना बोर्ड (साइनेज) न मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि भविष्य में प्रत्येक कार्यस्थल पर अनिवार्य रूप से बोर्ड लगाया जाए, जिसमें कार्य प्रारंभ तिथि, पूर्ण होने की संभावित तिथि और संबंधित अधिकारी का मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित हो।


आयुक्त ने लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार पेनाल्टी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि अब समीक्षा बैठकें दफ्तरों में नहीं, बल्कि सीधे कार्यस्थलों पर होंगी, ताकि वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
स्थानीय पार्षदों और नागरिकों ने शिकायत की कि कई क्षेत्रों में सड़कें पिछले छह माह से खोदी पड़ी हैं, जबकि वहां कोई कार्य प्रगति पर नहीं है। इस पर आयुक्त ने अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश देते हुए कहा कि जनता को अनावश्यक परेशानी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आयुक्त ने नगर निगम अधिकारियों को अमरावती मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे लगे ठेलों को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए, ताकि यातायात सुचारू रहे और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो। निरीक्षण के दौरान कई खुदाई स्थलों पर मजदूरों के अनुपस्थित मिलने पर भी उन्होंने गहरी नाराजगी जताई।
आयुक्त ने बताया कि वर्तमान में हल्द्वानी में सीवरेज, पेयजल एवं सड़क निर्माण कार्य UUSDA द्वारा तिरुपति एजेंसी को दिया गया है, जिसने आगे 22 अन्य ठेकेदारों को कार्य सौंपा है, इसके बावजूद काम की गति बेहद धीमी है, जो स्वीकार्य नहीं है।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना में पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया और उन्हें हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के समय सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, एसपी सिटी मनोज कत्याल, ब्रिडकुल के प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह, पार्षद चंदन मेहता, विनोद दानी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Skip to content











