हल्द्वानी- आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने मंगलवार को उत्तराखण्ड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) के अंतर्गत हल्द्वानी नगर में सीवर, पेयजल एवं सड़क निर्माण के लिए की गई खुदाई के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण न होने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि यदि कार्य में देरी हुई तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
आयुक्त ने एडीबी (एशियन डेवलपमेंट बैंक) के प्रोजेक्ट मैनेजर को सख्त निर्देश दिए कि जिन मार्गों पर खुदाई का कार्य चल रहा है, उन्हें तत्काल पुनः स्थापित (रिस्टोर) किया जाए। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कार्यस्थलों पर साइनेज बोर्ड न होने पर उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि भविष्य में प्रत्येक कार्यस्थल पर सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाया जाए, जिसमें कार्य प्रारंभ की तिथि, संभावित समाप्ति तिथि तथा संबंधित अधिकारी का मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित हो, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संपर्क किया जा सके।
आयुक्त दीपक रावत ने ठेकेदारों की घोर लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एडीबी के प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देश दिए कि नियमों के अनुसार संबंधित ठेकेदारों पर पेनाल्टी लगाई जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद कार्य में सुधार न होने पर अब समीक्षा बैठकें कार्यालयों में नहीं, बल्कि सीधे उन्हीं क्षेत्रों में आयोजित की जाएंगी जहां कार्य प्रगति पर है।


निरीक्षण के दौरान पार्षदों एवं स्थानीय नागरिकों ने बताया कि उनके क्षेत्रों में सड़कें लगभग छह माह पूर्व खोदी गई थीं, लेकिन अब तक कार्य पूरा नहीं हुआ है। इस पर आयुक्त ने एडीबी के अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, आयुक्त ने नगर निगम अधिकारियों को अमरावती मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे लगने वाले ठेलों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए, ताकि यातायात में बाधा न हो और दुर्घटनाओं की आशंका को रोका जा सके।
निरीक्षण के समय कई स्थानों पर कार्यस्थलों पर कोई भी मजदूर मौजूद नहीं पाया गया, जिस पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। वर्तमान में हल्द्वानी शहर में सीवरेज, पेयजल एवं सड़क निर्माण का कार्य यूयूएसडीए द्वारा तिरूपति एजेंसी को सौंपा गया है, जिसने आगे 22 अन्य ठेकेदारों को कार्य आवंटित किया है।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने हाल ही में सड़क दुर्घटना में पीड़ित परिवार से भी मुलाकात की, शोक व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, प्रोजेक्ट मैनेजर ब्रिडकुल कुलदीप सिंह, एसपी सिटी मनोज कत्याल, पार्षद चंदन मेहता, विनोद दानी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Skip to content











