रूद्रपुर – सिविल लाइन क्षेत्र में माइंड पावर यूनिवर्सिटी, भीमताल के नए केंद्र का भव्य शुभारम्भ विकास शर्मा द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर महापौर ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह संस्थान क्षेत्र के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट और रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि जिला मुख्यालय रूद्रपुर तेजी से एजुकेशन हब के रूप में उभर रहा है। शहर में लगातार नए शिक्षण संस्थानों की स्थापना यह दर्शाती है कि रूद्रपुर शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहा है। माइंड पावर यूनिवर्सिटी का यहां केंद्र खुलना स्वागत योग्य कदम है, जिससे स्थानीय युवाओं को उच्च और प्रोफेशनल शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।


महापौर ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं, बल्कि रोजगारपरक और स्किल आधारित शिक्षा समय की मांग है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत वोकेशनल कोर्स और स्किल डेवलपमेंट को शिक्षा प्रणाली का अहम हिस्सा बनाया गया है, ताकि छात्र पढ़ाई के साथ रोजगार के लिए भी तैयार हो सकें।
उन्होंने कहा कि सिडकुल क्षेत्र में पहले से कई बड़े उद्योग स्थापित हैं और आने वाले समय में रूद्रपुर व आसपास के क्षेत्रों में और भी उद्योग लगने जा रहे हैं, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। ऐसे में युवाओं के लिए उद्योगों की जरूरत के अनुसार स्किल आधारित शिक्षा प्राप्त करना अत्यंत आवश्यक है।
महापौर विकास शर्मा ने बताया कि माइंड पावर यूनिवर्सिटी द्वारा मैनेजमेंट, कंप्यूटर साइंस, हॉस्पिटल मैनेजमेंट, एग्रीकल्चर और सोशल साइंस जैसे आधुनिक व उपयोगी पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनसे युवाओं को करियर संवारने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विशेष रूप से शहर की बालिकाओं को शिक्षा में प्राथमिकता देने का आह्वान किया और आश्वासन दिया कि नगर निगम शिक्षा के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग करेगा।
कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी के डीन एकेडमिक्स डॉ. सुरेश कुमार ने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत आधार शिक्षा है। यूनिवर्सिटी का संकल्प है कि कोई भी बच्चा स्किल और प्रोफेशनल शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि संस्थापक डॉ. योगेश कुमार के विजन के अनुरूप हजारों युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि रूद्रपुर केंद्र में जरूरतमंद विद्यार्थियों को सहायता और बालिकाओं को विशेष शैक्षिक छूट दी जाएगी।
इस अवसर पर यूनिवर्सिटी प्रबंधन की ओर से महापौर विकास शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर कम्युनिकेशन के.डी. सिंह, विपिन चंद्र पाण्डे, आदर्श जोशी, माधुरी गुप्ता, राम प्रकाश गुप्ता, गोपाल सिंह पटवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Skip to content











