कालाढूंगी (कोटाबाग), 28 दिसम्बर 2025। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जनपद की विधानसभा कालाढूंगी अंतर्गत कोटाबाग में आयोजित दो दिवसीय घोड़ा लाइब्रेरी पहाड़ पच्छयाण महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महोत्सव के मंच से जिले के समग्र विकास के लिए ₹114 करोड़ 69 लाख 46 हजार की लागत से 12 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने विश्व प्रसिद्ध घोड़ा लाइब्रेरी की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह पहल दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों के बच्चों तक ज्ञान का उजाला पहुंचाने का अभिनव और प्रेरणादायी प्रयास है। उन्होंने कहा कि घोड़े के माध्यम से पुस्तकों को गांव-घर तक पहुंचाना केवल किताबें बांटना नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों को दिशा देना है। मुख्यमंत्री ने स्मरण कराया कि इस अनूठी पहल की सराहना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री धामी ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि पुस्तकों को केवल परीक्षा तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि पुस्तकें सच्ची मित्र और मार्गदर्शक होती हैं, जो व्यक्तित्व निर्माण के साथ बेहतर भविष्य की राह दिखाती हैं।


कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विकास और विरासत—दोनों के संतुलन के साथ आगे बढ़ा रही है। मानसखंड के पौराणिक मंदिरों के पुनरुत्थान, सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। कोटाबाग के आंवलाकोट (भटलानी) स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बताया कि 2 योजनाओं का लोकार्पण (₹1.95 करोड़) तथा 10 योजनाओं का शिलान्यास (₹112.73 करोड़) किया गया है। इनमें पशु चिकित्सालय भवन निर्माण, विद्युत उपसंस्थानों व लाइनों का निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, सेतु निर्माण, नहर कवरिंग के बाद मार्ग चौड़ीकरण, विद्यालय व महाविद्यालय परिसरों के विकास जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं, जिनसे क्षेत्र में 24×7 गुणवत्तापूर्ण बिजली, बेहतर यातायात और शिक्षा सुविधाएं सुनिश्चित होंगी।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट और विधायक बंशीधर भगत ने भी संबोधित करते हुए विकास कार्यों की जानकारी दी और महोत्सव के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया, स्थानीय उत्पादों की सराहना की तथा प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टीसी, घोड़ा लाइब्रेरी के प्रेरक शुभम बधानी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी एवं स्थानीय जनता उपस्थित रही।

Skip to content











