Breaking News

पर्यटन के नए केंद्र के रूप में उभर रहा संजय वन, सांसद अजय भट्ट ने परखी तैयारियाँ….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर – नैनीताल–ऊधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद ने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में विकसित किए जा रहे संजय वन का शुक्रवार सुबह औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संजय वन में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों, पर्यटकों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों से ली। उन्होंने देखा कि सुबह से ही संजय वन में पर्यटकों और बच्चों की अच्छी खासी आवाजाही है, जिससे यह स्थान लोगों के आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने कुमाऊनी शैली में प्रस्तावित संजय वन के मुख्य द्वार के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संजय वन को पर्यटन की दृष्टि से एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है और इसका उद्घाटन जल्द कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों के साथ संजय वन के विस्तार और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की।

बताया गया कि संजय वन लंबे समय तक पर्यटक गतिविधियों के लिए बंद रहा था, लेकिन अब पुनर्स्थापना और व्यापक सौंदर्यीकरण के बाद यहां लगातार पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। वर्तमान में कुमाऊनी शैली में भव्य प्रवेश द्वार, पार्कों का विकास और अन्य कार्य प्रस्तावित हैं। इसके साथ ही पर्यटकों के लिए इलेक्ट्रिक वाहन से भ्रमण की सुविधा, सुरक्षा के लिए चौकी की स्थापना और सोलर फेंसिंग की वोल्टेज बढ़ाने जैसे कदम भी उठाए जा रहे हैं, ताकि वन्यजीवों से क्षेत्र सुरक्षित रह सके।

भविष्य की योजनाओं में पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था विकसित करने का भी प्रस्ताव है। सांसद ने कहा कि संजय वन एक रमणीय और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में उभर रहा है, जहां हाईटेक नर्सरी, वन्यजीव पार्क, नवग्रह पार्क और 12 राशियों पर आधारित सुंदर उद्यान विकसित किए गए हैं। इन प्रयासों से संजय वन को क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!