नैनीताल को विकास की सौगात: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ₹121.52 करोड़ की 13 योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद नैनीताल में ₹121 करोड़ 52 लाख 46 हजार की लागत से कुल 13 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान ₹42 करोड़ 77 लाख 31 हजार की बहुप्रतीक्षित मेट्रोपोल सर्फेस पार्किंग का भूमि पूजन किया गया, वहीं ₹30 करोड़ 66 लाख की दो योजनाओं का लोकार्पण और ₹90 करोड़ 86 लाख 46 हजार की 11 योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया।

लोकार्पित योजनाओं में ₹29 करोड़ 16 लाख की लागत से सूखाताल झील को रिचार्जिंग जोन एवं टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया गया है। इसके अंतर्गत झीलों का निर्माण, एयरेशन प्लांट, दुकानों व शौचालय ब्लॉक, लिफ्ट व ट्रांजिट भवन तथा चारों ओर पैदल पथ का निर्माण कराया गया है, जिससे पर्यटन को नया आयाम मिलेगा।

इसके अतिरिक्त हल्द्वानी के कालाढूंगी रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में ₹1.50 करोड़ की लागत से पुस्तकालय के संरचनात्मक दृढ़ीकरण एवं पुनरुद्धार का कार्य कराया गया।

शिलान्यास योजनाओं में बेतालघाट क्षेत्र के दूनीखाल–रातीघाट–पाडली मोटर मार्ग पर ₹9.63 करोड़ की लागत से प्री-स्ट्रेस सेतु निर्माण, नैनीताल मुख्यालय में ₹34.03 करोड़ की ऑटोमेटेड मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग (202 चार पहिया, 96 दो पहिया क्षमता), रामनगर में ₹38.57 करोड़ की बहुमंजिला पार्किंग (343 वाहन, 16 दुकानें) शामिल हैं।

रामनगर में पेयजल से जुड़े राजकीय नलकूपों हेतु सर्वो वोल्टेज स्टेबलाइजर, बेतालघाट में लिफ्ट सिंचाई योजना, हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी व रामनगर विधानसभाओं में विद्यालयों, आंगनबाड़ी, सड़क, सीएचसी व उपकेंद्रों के मरम्मत–निर्माण तथा गोला नदी के दानीजाला में रिवर क्रॉसिंग केबल निर्माण भी प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये योजनाएं जनपद नैनीताल के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, पर्यटन सुविधाएं बढ़ाने, रोजगार सृजन और जनकल्याण में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने सभी कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

 

कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, आयुक्त कुमाऊँ दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ मंजूनाथ टी.सी. सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!