हल्द्वानी: मां की आंखों के सामने नाबालिग बेटी को ले भागा बाइक सवार युवक, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी (बनभूलपुरा)। शहर के बनभूलपुरा क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक दिनदहाड़े एक नाबालिग किशोरी को उसकी मां की आंखों के सामने बाइक पर बैठाकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ित मां की शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है और किशोरी की तलाश शुरू कर दी गई है।

क्या है पूरा मामला

बनभूलपुरा क्षेत्र में रहने वाली महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी 16 वर्षीय बेटी के साथ किराए के मकान में रहती है। गुरुवार की रात करीब 8 बजे वह ऊपरी मंजिल पर स्थित रसोई में खाना बना रही थीं, जबकि उनकी बेटी नीचे के कमरे में पढ़ाई कर रही थी। उसी दौरान काबुल का बगीचा निवासी फरमान पुत्र फईम बाइक से उनके घर पहुंचा।

महिला के अनुसार, फरमान पिछले कई दिनों से उनके घर के आसपास चक्कर लगा रहा था। घटना की रात वह बहाने से घर के अंदर घुसा और पढ़ाई कर रही किशोरी को बहला-फुसलाकर बाहर ले गया। रसोई की खिड़की से झांकते हुए मां की नजर जैसे ही नीचे पड़ी, तो उसने देखा कि फरमान उसकी बेटी को बाइक पर बैठा रहा है।

महिला जब तक कुछ समझ पाती, युवक बाइक स्टार्ट कर चुका था और उनकी बेटी को लेकर तेज़ी से फरार हो गया। मां ने शोर मचाया और आसपास के लोगों को बुलाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह दूर निकल चुका था।

पुलिस कर रही छानबीन

घबराई महिला ने आसपास खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो तुरंत बनभूलपुरा थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। महिला को आशंका है कि युवक उसकी बेटी के साथ कोई अनहोनी कर सकता है।

थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि फरमान के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं और पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरी की तलाश की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था

इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक किशोरी को उसके घर से इस तरह से ले जाना न केवल कानून व्यवस्था की नाकामी को उजागर करता है, बल्कि माता-पिता के मन में गहरी चिंता भी पैदा करता है। पुलिस से उम्मीद की जा रही है कि वह जल्द कार्रवाई कर बच्ची को सुरक्षित बरामद करेगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!