रूद्रपुर- ट्रांजिट कैम्प थाना क्षेत्रांर्गत मौहल्ला आजादनगर शमशान घाट रोड़ पर सम्पत्ति को लेकर चले आ रहे विवाद के चलते भाजयुमो के एक नेता ने अपने पिता पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसका पेट फाड़ दिया तथा घर से अपने परिवार व छोटे भाई के साथ भाग निकला। पिता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर भारत सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर लहूलुहान हालत में मृतक का शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
साथ ही मौके से खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया। बाद में पुलिस ने मामले में तत्पर कार्रवाई करते हुए आरोपी भाजयुमो नेता व उसके भाई को दबोचकर पूछताछ के लिए अपनी हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार ट्रांजिट कैम्प थाना क्षेत्रांर्गत मौहल्ला आजादनगर शमशान घाट रोड़ निवासी करीब 50 वर्षीय तोताराम राठौर पुत्र जागन लाल टुकटुक चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। कुछ माह पूर्व एक दुर्घटना में उसका पैर जख्मी हो जाने के कारण वह घर में ही रह रहा था।


उसका बड़ा पुत्र दीपक राठौर भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त है और मजदूरी कर पत्नी पूजा व दो छोटे बच्चों को पालता है। जबकि छोटा पुत्र 16 वर्षीय सुमित राठौर घर में ही मदद करता है। तोताराम की पत्नी करीब तीन वर्ष पूर्व घर से चली गई थी। बताया जाता है कि दीपक का पिता तोताराम से पिछले काफी समय से सम्पत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। पिता ने दीपक को किच्छा में प्लॉट भी दिया था जो दीपक ने बेच दिया । बताया जाता है कि गत रात्रि दीपक का पिता से सम्पत्ति को लेकर झगड़ा भी हुआ था।
आज प्रातः करीब चार बजे जब सारा परिवार गहरी नींद सोया हुआ था दीपक ने पिता के कमरे में जाकर उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उनका पेट फाड़ दिया और उन्हें लहूलुहान हालत में छोड़ अपने परिवार व छोटे भाई सुमित को लेकर घर से भाग गया। पिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घर में शोर की आवाज सुनकर किरायेदार ने उठ कर घर का मंजर देखा तो उसने पड़ोसियों को सारी बात बताई। मौहल्ले में तोताराम की हत्या से हड़कम्प मच गया और भारी संख्या में लोग वहां एकत्रित हो गये।
इधर मामले की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर भारत सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर लहूलुहान हालत में मृतक का शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही मौके से खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया। पुलिस ने हत्यारोपी भाजयुमो नेता दीपक राठौर व उसके भाई सुमित को खोजबीन कर दबोच लिया और थाने में लाकर उनसे घटना के सन्दर्भ में सघन पूछताछ शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को मामले में कोई तहरीर नहीं मिली थी।

Skip to content











