रुद्रपुर-कांग्रेस नेता एवं मेयर की तैयारी कर रहे दिलीप अधिकारी की पिटाई करने वाली महिला ने अब उनके खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और गाली गलौज का मुकदमा दर्ज करा दिया है। पहले दिलीप अधिकारी की तरफ से मुकदमा दर्ज करने को तहरीर दी गई थी। गौरतलब है कि कांग्रेस नेता दिलीप अधिकारी ने एक महिला और कुछ लोगों पर मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी थी। दिलीप अधिकारी इस घटना में घायल भी हुए थे।
अब एक महिला एनजीओ संचालिका किरन पत्नी जीवन सिंह रावत ने दिलीप अधिकारी पर छेड़छाड़, मारपीट और गाली गलौज का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। किरन का कहना है कि वह आवास विकास, ट्रांजिट कैंप की रहने वाली है और 15 अप्रैल की शाम जगतपुरा में कैंप लगाने के बाद वापस लौट रही थी, साथ में उसके स्टाफ स्वीटी, मानसी, राजकुमार और शुभम भी थे।


आरोप है कि हनुमान मंदिर के पास दिलीप अधिकारी ने उसको देखते ही गाली गलौज शुरू कर दी और गला पकड़ लिया, छेड़छाड़ के साथ ही अभद्रता भी की गई। स्वीटी मानसी शुभम और राजकुमार ने इसका विरोध किया तो उनसे भी मारपीट की गई और बाद में दिलीप अधिकारी देख लेने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। दिलीप अधिकारी के साथियों ने भी किरन व उसके साथियों से मारपीट की। पुलिस ने इस मामले में क्रॉस एफआईआर लिखने के बाद जांच शुरू कर दी है।

Skip to content











