
सीएम धामी, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र व केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा की मौजूदगी में दाखिल किया नामांकन, 1 जुलाई को होगी औपचारिक घोषणा

देहरादून – उत्तराखंड भाजपा में एक बार फिर महेंद्र भट्ट का नाम अध्यक्ष पद के लिए फाइनल हो गया है। पार्टी की चुनाव प्रक्रिया के तहत अध्यक्ष पद के लिए केवल महेंद्र भट्ट ने नामांकन दाखिल किया, जिससे उनका दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है।
नामांकन के समय प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, और सांसद अजय भट्ट सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया भाजपा संविधान के तहत निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जा रही है। मतदान की आवश्यकता नहीं होगी क्योंकि कोई अन्य प्रत्याशी मैदान में नहीं है।
चुनाव प्रक्रिया का संक्षेप में विवरण:
- 125 मतदाता चुनाव के लिए अधिकृत हैं
- नामांकन की अंतिम तिथि: 30 जून, दोपहर 12 बजे
- जांच: 12 से 2 बजे तक, नाम वापसी: 3 से 4 बजे तक
- केवल एक नामांकन होने के कारण भट्ट निर्विरोध अध्यक्ष होंगे
- औपचारिक घोषणा: 1 जुलाई
पार्टी संविधान के तहत हुआ नामांकन
भाजपा के संविधान के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कम से कम 3 वर्षों तक सक्रिय सदस्यता और 10 वर्षों की प्राथमिक सदस्यता आवश्यक है। इसके साथ ही नामांकन के लिए 10 प्रस्तावक जरूरी, जो कम से कम राज्य के एक-तिहाई जिलों से हों।
राष्ट्रीय परिषद के लिए भी शुरू होगी प्रक्रिया
प्रदेश परिषद से राज्य की लोकसभा सीटों के अनुसार राष्ट्रीय परिषद सदस्य चुने जाएंगे। एससी/एसटी आरक्षण का अनुपालन अनिवार्य रहेगा और हर दो लोकसभा क्षेत्रों के समूह से कम से कम एक प्रतिनिधि चुना जाएगा।
