
कोटद्वार – भारती देवी एजुकेशनल फाउंडेशन, झंडीचौड़, कोटद्वार में मानसिक और शारीरिक रूप से दिव्यांग बच्चों के कल्याणार्थ एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गेप्स एवं देवभूमि उत्कर्ष सेवा संस्था के संरक्षक डॉ. चन्द्रमोहन बड़थ्वाल ने अपनी माता जी की चिरस्मृति में संस्था के संस्थापक कमलेश जी को ₹25,000 का चेक भेंट किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रमाकान्त कुकरेती ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सक्षम संख्या के अध्यक्ष योगम्बर सिंह रावत उपस्थित थे। डॉ. बड़थ्वाल ने संस्था की संचालिका रिनी लखेड़ा पर आधारित एक नामाक्षरी कविता का वाचन कर उन्हें भेंट की। उन्होंने संस्था में कार्यरत शिक्षिकाओं के सेवा भाव की सराहना की।
मुख्य अतिथि रावत ने अपने संबोधन में कहा कि जिस प्रकार गेप्स एवं देवभूमि उत्कर्ष सेवा समिति कार्य कर रही है, उसी प्रकार अन्य संस्थाओं को भी आगे आना चाहिए, जिससे दिव्यांग बच्चों का समुचित कल्याण हो सके। विशेष अतिथि कर्नल बुद्धिबल्लभ ध्यानी ने कहा कि सभी दिव्यांग बच्चों में ऐसी प्रतिभा विकसित होनी चाहिए कि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम का संचालन मनमोहन काला ने किया, जिन्होंने गेप्स एवं देवभूमि उत्कर्ष सेवा समिति के कार्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये संस्थाएं पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, वृक्षारोपण एवं गरीब बच्चों के कल्याणार्थ कार्य करती हैं। इसके अतिरिक्त, विभिन्न विद्यालयों में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं का आयोजन कर छात्रों को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।
अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. रमाकान्त कुकरेती ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के कल्याण और उत्थान के लिए प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए, जिससे ये बच्चे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। इस अवसर पर इंजीनियर जगत सिंह रावत, सांस्कृतिक प्रभारी रेखा ध्यानी एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
